Palamu News: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कई प्रखंडों में कम अटेंडेंस पर जताई चिंता
Palamu News: Deputy Commissioner Dilip Pratap Singh Shekhawat expressed concern over low attendance in several blocks.
डीसी ने शिक्षा विभाग की योजनाओं और विद्यालयों की व्यवस्था की समीक्षा की
मधुलता पांडेय विशेष संवाददाता
पलामू: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं और विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में छात्रवृत्ति, पोशाक वितरण, पाठ्य पुस्तक, मध्याह्न भोजन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
Palamu News: केन्दीय कारा का किया निरीक्षण, जेलर को दिया आवश्यक दिशा निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए कई प्रखंडों में कम अटेंडेंस पर चिंता जतायी। उन्होंने संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कम इनरोलमेंट और उपस्थिति के पीछे स्थायी पलायन, बाल श्रम तथा शिक्षा के प्रति अभिभावकों की घटती रुचि जैसे कारण हो सकते हैं। इन कारणों की गंभीरता से समीक्षा कर समाधान की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर पुनः विद्यालय से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शिक्षक व्यक्तिगत स्तर पर ऐसे बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें दोबारा नामांकन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में मध्याह्न भोजन योजना की भी समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने निर्धारित रोस्टर के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में किचन गार्डन, लाइब्रेरी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर भी चर्चा की गयी।
इस दौरान हाल ही में जारी जैक बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने लगातार तीन वर्षों से खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों की सूची तैयार कर अलग से समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, सीआरपी एवं बीआरपी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा निरीक्षण की जियोटैग फोटो जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मोदी जी, आपका डंका पिटते-पिटते यह भद कैसे पिटने लगी?
बैठक में समग्र शिक्षा अभियान, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में नामांकन, डिजिटल शिक्षा, साइकिल वितरण, स्कूल किट, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में सीबीएसई के माध्यम से चयन, आईसीटी प्रोग्राम एवं स्मार्ट क्लास जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की गयी। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अकाउंटेंट, बीपीओ, विभिन्न वार्डन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



