Azamgarh News:निजामाबाद के विकास को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू, अरुण मिश्रा “लालू” समर्थकों संग धरने पर बैठे

निजामाबाद के विकास को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू, अरुण मिश्रा “लालू” समर्थकों संग धरने पर बैठे
प्रेम प्रकाश दुबे की रिपोर्ट
निजामाबाद, आजमगढ़। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व अध्यक्ष डीएवी पीजी कॉलेज आजमगढ़ अरुण कुमार मिश्र “लालू” ने अपने घोषित कार्यक्रम के अनुसार अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं अनशन शुरू कर दिया है। रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, शेरपुर कुटी, निजामाबाद में बड़ी संख्या में समर्थकों, युवाओं और समाजसेवियों की मौजूदगी में आंदोलन का शुभारंभ हुआ।
धरना स्थल पर अरुण मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि निजामाबाद क्षेत्र की जनता के अधिकारों और विकास के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जबकि संबंधित विभागों और प्रशासन को कई बार ज्ञापन देकर समाधान की मांग की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि भदुली-निजामाबाद मार्ग एवं रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग की जर्जर स्थिति, पेयजल संकट, खराब विद्युत व्यवस्था, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता परेशान है। इसके अलावा विश्व प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी कला से जुड़े कारीगरों के लिए स्थायी विपणन व्यवस्था की मांग भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
धरना स्थल पर मौजूद समाजसेवियों और समर्थकों ने कहा कि जब तक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक यह जनआंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जल्द वार्ता कर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
धरना स्थल पर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह संघर्ष निजामाबाद के विकास, जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के सम्मान की लड़ाई है।
अरुण मिश्रा “लालू” ने कहा कि “निजामाबाद का पूर्ण विकास ही हमारा लक्ष्य है। जब तक क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।



