रेल यात्रियों एवं आर.आर.बी. अभ्यर्थियों से परीक्षा विशेष गाड़ी का लाभ उठाने की अपील
Railway passengers and R.R.B. Appeal to the candidates to take advantage of the special examination vehicle

वाराणसी 06 अगस्त,2026:रेलवे भर्ती बोर्ड (आर.आर.बी.) द्वारा आयोजित लेवल-1 (ग्रुप-डी) कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सी.बी.टी.) में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त सुविधा एवं यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा 05185/05186 मऊ–बरेली–मऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी का संचालन 16 फेरों के लिए किया जा रहा है।
05185 मऊ–बरेली अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी का संचालन मऊ से 02, 03, 04, 05, 08, 09, 10, 11, 12, 13, 16, 17, 18, 19, 20 एवं 24 अगस्त, 2026 को किया जाएगा। यह गाड़ी मऊ से 11:45 बजे प्रस्थान कर आजमगढ़, शाहगंज, अयोध्या धाम जं., अयोध्या कैंट, बादशाह नगर, डालीगंज, सीतापुर, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर एवं बरेली सिटी होते हुए अगले दिन 06:10 बजे बरेली पहुंचेगी।
इसी प्रकार 05186 बरेली–मऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी का संचालन बरेली से 03, 04, 05, 06, 09, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 18, 19, 20, 21 एवं 25 अगस्त, 2026 को किया जाएगा। यह गाड़ी बरेली से 15:25 बजे प्रस्थान कर उपरोक्त मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन 08:20 बजे मऊ पहुंचेगी।इस विशेष गाड़ी में सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी के 14 कोच तथा एस.एल.आर. के 02 कोचों सहित कुल 16 अनारक्षित कोच लगाए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों एवं यात्रियों को यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो सके।रेल प्रशासन सभी रेल यात्रियों एवं आर.आर.बी. अभ्यर्थियों से अपील करता है कि वे इस अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी की सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समयबद्ध बनाएं। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें तथा अपने वैध यात्रा प्राधिकार (टिकट) के साथ ही यात्रा करें।रेल प्रशासन यात्रियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



