Mau news:मिशन शक्ति टीम ने बहू-बेटियों को बताया अधिकारों का ‘हथियार’, सराय गणेश और अरियासो में लगाया जागरूकता का चौपाल
Mau News: Mission Shakti team called daughters-in-law and daughters 'weapons' of rights, organized awareness Chaupal in Sarai Ganesh and Ariyaso

मिशन शक्ति टीम ने बहू-बेटियों को बताया अधिकारों का ‘हथियार’, सराय गणेश और अरियासो में लगाया जागरूकता का चौपाल
संवाददाता
घोसी।मऊ।घोसी कोतवाली पुलिस की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने ग्राम सभा सराय गणेश और अरियासो में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित कर महिलाओं और युवतियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। सम्मेलन में महिलाओं से सीधे संवाद कर उन्हें किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।एसपी मऊ कमलेश बहादुर के दिशा-निर्देशन और कोतवाल रविन्द्र नाथ राय घोसी के कुशल नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाएसआई ऋचा सोनी ने महिलाओं और युवतियों को महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बाल विवाह और महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या युवती के साथ गलत व्यवहार होने पर चुप रहने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।महिला एसआई ऋचा सोनी ने महिलाओं को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर भी सतर्क किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी डालने से बचने की सलाह दी। साथ ही किसी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत करने के लिए जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने अविवाहित छात्राओं और युवतियों से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षित माहौल में अपनी बात रखने और किसी भी परेशानी को परिवार अथवा पुलिस से साझा करने के लिए प्रेरित किया।मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को समझाया कि हिंसा, प्रताड़ना या अभद्रता को सहना समस्या का समाधान नहीं है। समय रहते शिकायत करने से कई गंभीर घटनाओं को रोका जा सकता है। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ दहेज हत्या, घरेलू हिंसा और महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में कमी लाना भी रहा, इस दौरान महिला कांस्टेबल रवीना, सौम्या, पुष्पलता पांडेय सहित मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, सहायिका, आशा बहू और बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं ने सहभागिता की। महिलाओं ने पुलिस टीम से सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े सवाल भी पूछे जिनका टीम ने विस्तार से जवाब दिया।



