Mau news:एक मंच से बहू-बेटियों को मिला सुरक्षा और अधिकारों का पाठ, सदर कोतवाली पुलिस ने लगाया जागरूकता का चौपाल
Mau News: Daughters-in-law and daughters received lessons on safety and rights from a single platform, Sadar Kotwali police organized an awareness Chaupal.
मऊ। घोसी। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक अनूठी पहल करते हुए मुंशीपुरा क्षेत्र स्थित भाई का ट्यूबवेल पर ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया। एक ही मंच पर क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को एकत्र कर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानून और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।एसपी मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के निर्देशन में कोतवाल प्रमेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने महिलाओं से सीधे संवाद किया।सम्मेलन में पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध, बाल विवाह निषेध, महिला एवं बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा के साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि किसी भी महिला या बेटी को डरने अथवा चुप रहने की जरूरत नहीं है। उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद ली जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी से बचने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने और सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने को लेकर भी सावधान किया।पुलिस टीम ने महिलाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता के जरिए ही महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल दिया जा सकता है। सम्मेलन में महिला एसआई तृप्तिपाण्डेय,महिलाआरक्षी रूचि सिंह,जयायादव और प्रीती समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया और महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।



