Azamgarh News:एच1एन1 के चार पॉजिटिव मामलों की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क जरूरी*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

एच1एन1 के चार पॉजिटिव मामलों की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क जरूरी*

आजमगढ़ 31 अगस्त 2026

जनपद में मौसमी इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1)/स्वाइन फ्लू के चार पॉजिटिव मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। जिला सर्विलांस अधिकारी को लखनऊ एवं वाराणसी स्थित चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का जनपद स्तर पर सत्यापन कर लिया गया है। इनमें तीन रिपोर्ट चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी तथा एक रिपोर्ट मेदांता अस्पताल, लखनऊ से संबंधित है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि सत्यापित मामलों में लगभग एक वर्षीय बालिका, 36 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय पुरुष तथा 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इनमें दो मामले शहरी क्षेत्र तथा दो ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं। सभी संबंधित प्रकरणों में जिला सर्विलांस टीम द्वारा आवश्यक निगरानी एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद के मेडिकल कॉलेज, मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा तरवां, लालगंज एवं अतरौलिया स्थित सौ शैय्या चिकित्सालयों में एच1एन1 के दृष्टिगत वार्ड एवं बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अस्पतालों में जांच, उपचार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि एच1एन1 को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग अवश्य करें। खांसते अथवा छींकते समय मुंह और नाक ढकें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
बच्चों, गर्भवती माताओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना अथवा सांस लेने में परेशानी मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लें।
डॉ. वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जनपद में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, उपचार एवं निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है। सावधानी बरतें, भीड़ में मास्क पहनें और लक्षण होने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button