Azamgarh News:स्वावलंबन कार्ड योजना में आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम, 41 हजार से अधिक यूडीआईडी कार्ड जनरेट*

*स्वावलंबन कार्ड योजना में आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम, 41 हजार से अधिक यूडीआईडी कार्ड जनरेट*

 

*5 जुलाई को अंतिम पायदान से 31 अगस्त तक प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा जनपद*

 

आजमगढ़ 01 सितंबर 2026/

 

स्वावलंबन कार्ड (यूडीआईडी) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जनपद आजमगढ़ ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 31 अगस्त 2026 तक जनपद में कुल 48,882 आवेदन पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें से 41,096 यूडीआईडी कार्ड जनरेट किए जा चुके हैं। नवीन आवेदनों में अब केवल 65 प्रकरण लंबित हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को यूडीआईडी कार्य की प्रगति में आजमगढ़ प्रदेश में अंतिम पायदान पर था। इसके बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के दिशा-निर्देश एवं निरंतर मार्गदर्शन में लंबित प्रकरणों के निस्तारण और कार्य की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप महज कुछ ही सप्ताह में जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए 31 अगस्त तक प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि शेष 65 लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अगले तीन दिवस में शत-प्रतिशत कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड प्राप्त करने में अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस उपलब्धि में जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए विशेष रूप से जिला डाटा एंट्री ऑपरेटर ऋषिकेश चौहान के निरंतर प्रयासों और यूडीआईडी कार्य में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने बीपीएचयू डाटा एंट्री ऑपरेटर रामू राम तथा नोडल अधिकारी जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड डॉ. अविनाश झा के योगदान की भी सराहना की।

डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन को समयबद्ध रूप से दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्य में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनपद के पात्र दिव्यांगजनों से अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन नहीं किया है, वे स्वयं अथवा नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करें। यूडीआईडी एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित किसी भी समस्या के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के दिव्यांगता पटल से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button