Azamgarh News:जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश*

 

आजमगढ़, 01 सितंबर 2026।

 

मा. मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में जिलाधिकारी ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्या के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी फरियादी अपनी छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए परेशान होकर जिला मुख्यालय तक आने को विवश न हो। आमजन की समस्याओं का समाधान तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर ही प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भूमि विवाद से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को मौके पर जाकर पैमाइश एवं स्थलीय जांच कराकर नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवास एवं शौचालय से संबंधित शिकायतों के संबंध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को जांच कर पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार पेंशन एवं राशन कार्ड से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कार्रवाई करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर हो तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं को सुनें और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला एवं डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button