Azamgarh News:विश्वकर्मा पूजा पर विद्युत उपकेंद्रों में विधि-विधान से हुआ पूजन, मशीनों के साथ श्रम और हुनर को भी किया नमन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गुरुवार को क्षेत्र में आस्था और उल्लास का माहौल रहा। कहीं लोगों ने अपने वाहनों की पूजा की तो कहीं दुकानों, औजारों और मशीनरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा का स्मरण किया। श्रम, हुनर और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए लोगों ने सुख-समृद्धि और कार्यों में निरंतर प्रगति की कामना की।

इसी क्रम में विद्युत उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विद्युत सब स्टेशन गुलवा गौरी, बिलरियागंज, मऊ कुतुबपुर, रौनापार तथा पटवध कौतुक में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। विद्युत उपकेंद्रों में स्थापित मशीनरी, उपकरणों और विद्युत संयंत्रों की भी पूजा की गई। कर्मचारियों ने श्रद्धा के साथ हवन-पूजन कर भगवान विश्वकर्मा से विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

पटवध कौतुक विद्युत सब स्टेशन पर अवर अभियंता रितेश कुमार चौधरी की मौजूदगी में हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए अपने कार्य के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का संकल्प लिया।

पूजन कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश यादव, अशोक सिंह, दिनेश गुप्ता, महेंद्र कुमार, राजेश प्रजापति, रवि कुमार, सूर्यभान, हीरामणि सहित विद्युत विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button