जबलपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
Elderly man dies after being hit by a speeding truck in Jabalpur

जबलपुर शहर के आधारताल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा करौंदा नाला के पास नगर नाका स्थित फॉरेस्ट नाके के सामने हुआ। बुजुर्ग घर से राशन लेने के लिए निकले थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। मृतक की पहचान दुर्गा प्रसाद सोनी के रूप में हुई है। वह ऋषि नगर, करौंदा नाला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, दुर्गा प्रसाद सोनी रोजमर्रा का सामान और राशन लेने के लिए साइकिल से घर से निकले थे। उनके पास राशन रखने के लिए थैला भी था। इसी दौरान करौंदा नाला के आगे नगर नाका स्थित फॉरेस्ट नाके के सामने पीछे से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजन राम प्रसाद ने बताया कि वह घटना के वक्त घर पर थे। शाम करीब 5:30 बजे उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनके भाई दुर्गा प्रसाद की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। परिवार के लोगों का कहना है कि दुर्गा प्रसाद राशन लेने के लिए निकले थे, लेकिन घर लौटने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए। वहीं प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद असलम अंसारी ने बताया कि दुर्गा प्रसाद सोनी उनके पड़ोस में रहते थे। वह घर का राशन लेने के लिए करौंदा नाला से सुभाष नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। आधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। मृतक दुर्गा प्रसाद सोनी (75) ग्राम खैरी के रहने वाले थे और साइकिल से हाउसिंग बोर्ड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक रमेश पटेल को हिरासत में लिया है और ट्रक जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइट – परिजन
बाइट – विपिन ताम्रकार, थाना प्रभारी अधारताल
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



