Azamgarh News:लालगंज में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक, दावे-आपत्तियों की प्रतियां सौंपी गईं

एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा – पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से होगा मतदाता सूची का काम, कार्यवृत्त मुख्यालय को भेजा गया
लालगंज, आजमगढ़
विधानसभा क्षेत्र एसी-351 लालगंज में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने की।
बैठक में एसडीएम नेहा मिश्रा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बताया कि 17 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की प्रतियां सभी दलों को सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दलों के प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके।
उन्होंने प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि कहीं भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन को लेकर कोई आपत्ति है तो उसे समय रहते प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए। प्रशासन द्वारा प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे। एसडीएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नियमानुसार उन पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। मतदाता सूची के कार्य में लगे सभी बीएलओ और सुपरवाइजर अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से करें।
अंत में एसडीएम नेहा मिश्रा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची का होना बेहद जरूरी है। इसमें सभी दलों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।



