मुजफ्फरनगर में तांत्रिक के कहने पर दो बच्चों की बलि, महिला व उसकी मां गिरफ्तार

Two children sacrificed at the behest of a tantric in Muzaffarnagar, woman and her mother arrested

मुजफ्फरनगर (उप्र), 21 मई। यहां तंत्र क्रिया के चलते दो बच्चों की बलि दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तांत्रिक के कहने पर बच्चों की बलि देने वाली एक महिला और उसकी मां को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी तांत्रिक पुलिस की पकड़ से बाहर है।

 

 

 

 

एसपी (सिटी) सत्यनारायण प्रजापत ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता की। उन्‍होंने बताया कि गत 17 मई को थाना खतौली कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कैलावड़ा में 7 वर्षीय एक बच्चे केशव का शव उसी के घर में पड़ा मिला। पुलिस ने मृत बच्चे के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस मामले में मृत बच्चे के शव के पास तंत्र क्रिया से संबंधित कुछ चीजें मिली थीं, जिसके आधार पर पुलिस ने मृत बच्चे की चाची से पूछताछ शुरू की तो उसने सबकुछ बता दिया।

 

 

 

 

एसपी ने कहा कि मृत बच्चे की चाची अंकिता ने पुलिस को बताया कि उसे महसूस हुआ कि उसके ऊपर उसके ताऊ की लड़की कोमल का साया आता है, कोमल की मौत करीब डेढ़ वर्ष पहले जहर खाने से हुई थी। साया दूर करने के लिए उसने अपनी मां रीना के साथ ग्राम चंदपुरी के रहने वाले तांत्रिक रामगोपाल के पास गई। तांत्रिक ने साया दूर करने के लिए एक बच्चे की बलि देने के लिए कहा था। अंकिता ने तांत्रिक व अपनी मां के कहने पर 17 मई को नीचे के कमरे में अकेला देखकर केशव को पकड़कर पीछे के कमरे में ले गई। वहां उसने एक पुराने दुपट्टे से गला दबाकर केशव की हत्या कर दी। किसी को उस पर शक ना हो, इसलिए उसने हत्या करने के बाद एक कागज के टुकड़े पर लाल रंग से लिखकर छत पर डाल दिया था, जिससे घरवालों को लगे कि यह किसी ऊपरी साये का काम है।

 

 

 

 

उन्‍होंने कहा कि अंकिता ने पहले भी लाल रंग से लिखा हुआ कागज घर पर डाला था, जिससे घरवालों को लगे कि घर पर किसी भूत-प्रेत का साया है। आरोपी महिला ने लगभग एक माह पूर्व भी इसी घर में एक छोटे बच्‍चे की हत्या कर दी थी। परिजनों ने बीमारी से मौत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, मगर पूछताछ में आरोपी महिला ने उस बच्‍चे की हत्या करना भी कबूल कर लिया है।

 

 

 

 

इस तरह पुलिस ने दो बच्चों की हत्या की घटना का खुलासा किया है, जो तंत्र क्रिया के चलते की गई थी। इस घटना में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तांत्रिक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से से दो कागज के टुकड़े, जिन पर लाल रंग से लिखा हुआ है, हत्‍या में इस्‍तेमाल किया गया दुपट्टा और तांत्रिक क्रियाओं का सामान आदि बरामद किए गए।

Related Articles

Back to top button