दीपावली की पूर्व संध्या पर बाजारों में रही रौनक
खूब जमकर हुई परिधानों से लेकर घरों को सजाने में इस्तेमाल होने वाले सामाग्रियों की खरीदारी
रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। दीपावली की पूर्व संध्या पर नगर के बाजार में काफी अधिक ग्राहक नजर आए। परिधानों से लेकर घरों को सजाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की खरीदारी सुबह से शाम तक की गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर सजे बाजार में ग्राहकों को सामानों की खरीदारी की। इस खरीदारी के साथ ही लोगों ने अपने दीपोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
इस अवसर बाजारों में सबसे अधिक खरीदारी परिधानों, बर्तनों और इलेक्ट्रिक लड़ियों की हुई। हालांकि बाजार में उन ग्राहकों की संख्या सबसे अधिक रही जिन्होंने अभी तक त्योहार को लेकर खरीदारी नहीं की थी। कटरा बाजार में दीपावली की पूर्व संध्या पर खरीदारी के लिए पहुंचे कुछ लोगों ने बताया कि अन्य कामों में व्यस्त रहने के कारण बाजार से खरीदारी नहीं कर पाएं थें। खुद के लिए और बच्चों के लिए कपड़ों की खरीदारी की गई। साथ ही घरों को सजाने के लिए इलेक्ट्रिक लड़ियों, दीपावली पूजन से संबंधित वस्तुओं तथा भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी करने जा रहे हैं। वहीं कपड़े के दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस के बाद बाजार में इतने ग्राहकों के आने की उम्मीद नहीं थी। यह अच्छा रहा कि बाजार में लगातार खरीदारी के बने रहने से बाजार का उत्साह बढ़ा है। निश्चित रूप से यह फेस्टिवल सीजन शानदार साबित हो रहा है। छोटी दीपावली पर भी लोगों द्वारा इलेक्ट्रानिक्स की चीजों, गिफ्ट आइटम और बर्तन खरीदे गए। नगर में जगह-जगह पर मिट्टी के दीए और खिलौनों की दुकानें भी सजी रही। लाई, चिउड़ा व गट्टा की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आई। चीनी के खिलौनों की भी खूब जमकर बिक्री हुई। दीपावली पर हो रही बिक्री को लेकर दुकानदारों में भी खूब उत्साह देखा गया। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर सामानों की बिक्री करने में व्यस्त रहें।