गहमा-गहमी के बीच हुआ भदोही तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव
सुर्य प्रसाद द्विवेदी अध्यक्ष व सुरेंद्र कुमार दुबे वरिष्ठ उपाध्यक्ष हुए निर्वाचित

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। भदोही तहसील बार एसोसिएशन सत्र 2024-25 के अध्यक्ष व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए
शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व काफी गहमा-गहमी के बीच चुनाव हुआ। मतों की गणना के बाद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सूर्य प्रसाद द्विवेदी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र कुमार दुबे को निर्वाचित घोषित किया गया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सूर्य प्रसाद द्विवेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी महेंद्र कुमार बिंद को 19 मतों से हराया। विजय हासिल करने वाले प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने फूलमालाओं से लाद दिया।
बार एसोसिएशन के चुनाव में महामंत्री, संयुक्त मंत्री व कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए एक-एक नामांकन होने से सभी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए निर्वतमान अध्यक्ष सूर्य प्रसाद द्विवेदी, महेंद्र कुमार बिंद, राजेंद्र प्रसाद पटेल व शिव प्रसाद सिंह तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए लाल बहादुर यादव व सुरेंद्र कुमार दुबे ने नामांकन किया था। सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 12 बजे तक मतदान काफी सुस्त रही। हालांकि दोपहर में मतदान ने रफ्तार पकड़ी। सायं 3 बजे तक 305 मतदाताओं के सापेक्ष 285 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए कुल 285 मत पड़े। कुल 12 राउंड की गिनती में अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में निवर्तमान अध्यक्ष सूर्य प्रसाद द्विवेदी को 131, महेंद्र कुमार बिंद 112, राजेंद्र प्रसाद पटेल को 7 व शिव प्रसाद सिंह को 30 मत मिले। जबकि 5 मत अवैध घोषित किया गया। सूर्य प्रसाद द्विवेदी 131 मत पाकर निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में लाल बहादुर यादव को 109 व सुरेंद्र कुमार दुबे को 165 मत मिले। जबकि 11 मत अवैध घोषित किया गया। सुरेन्द्र कुमार दुबे 165 मत पाकर निर्वाचित घोषित किए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने उनके निर्वाचित होने की घोषणा की।



