नाला नहीं बनाना था तो फिर क्यों खोदा गया गड्ढा
एनएच 731बी के निर्माण में लगे कार्यदाई संस्था के अधिकारियों की आई लापरवाही सामने

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। राष्ट्रीय राजमार्ग 731बी के निर्माण में लगे कार्यदाई संस्था के जिम्मेदार दुद्धी-लुंबिनी मार्ग नगर के बाईपास रोड पर कुछ दूर तक नाला के लिए खोदे गए गड्ढे को वैसे ही छोड़ दिए हैं। लेकिन अभी तक नाला का निर्माण नहीं कराया गया। इसके चलते वहां के रहवासियों की समस्या बढ़ गई है और कार्यदाई संस्था के जिम्मेदारों के प्रति लोगों में गुस्सा भी दिख रहा है।
इस समय वाराणसी से मछलीशहर को जाने वाले एनएच 731बी का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्यदाई संस्था द्वारा नगर के इंदिरा मिल से विवेकानंद चौराहा आदि तक नाला का निर्माण कराया जा रहा है। उक्त मार्ग पर नाला निर्माण के लिए कई माह पूर्व गड्ढे की खुदाई कराई गई थी। देखा जाए तो अधिकांश स्थानों पर नाला का निर्माण करा दिया गया है। लेकिन कुछ जगहों पर अभी निर्माण कराया जाना बाकी है। बाईपास मार्ग पर ही घरवनपुर जाने वाले रास्ते के पास कार्रवाई संस्था द्वारा नाला निर्माण के लिए गड्ढे की खुदाई कराई गई थी। लेकिन अभी तक वहां पर नाला का निर्माण नहीं कराया जा सका। जबकि उसके आगे और पीछे के हिस्से में नाला बन गया है। वहीं खोदे गए गड्ढे में अब लबालब पानी भर गया है। उस पर घास भी उग आए हैं। घास को देख अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है कि वहां पर गड्ढा है। घास खाने की लालच में अक्सर मवेशी गड्ढे में चले जा रहे। जिसे भारी मशक्कत के बाद निकाला जा रहा। वहीं अब वह पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगा है।सिर्फ वही पर नहीं बल्कि एक-दो जगह और भी नाले का निर्माण न कराकर उसके आगे करा दिया गया है। आखिर में न जाने कौन सी खुन्नस कार्यदाई संस्था द्वारा उन लोगों से निकाला जा रहा। फिलहाल जो भी हो लेकिन इसके कारण उन लोगों में विभाग के जिम्मेदारों की इस लापरवाही के कारण आक्रोश देखा जा रहा है। ऐसे में वहां के रहवासियों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए बाईपास मार्ग पर कार्यदाई संस्था द्वारा जहां-जहां नाला निर्माण कार्य को छोड़ा गया है। वहां-वहां शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है।



