भाजपा की सरकार संविधान को डाल रही है खतरे में: प्रमोद पांडेय
कांग्रेस द्वारा आयोजित किया गया संविधान बचाओ सम्मेलन
ज्ञानपुर,भदोही। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में अभोली ब्लॉक के गंगारामपुर गांव में रविवार को संविधान बचाओ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्वांचल की प्रसिद्ध लोक गायिका पूजा बिंदेश्वरी ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय ने कहा कि भाजपा की सरकार लगातार संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं का राजनीतिकरण कर देश के संविधान को खतरे में डाल रही हैं। दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों का हक व अधिकार समाप्त करने की कोशिश कर रही है। मगर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता देश के संविधान को बचाने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद व मंत्री 2024 के चुनाव के पूर्व संविधान बदलने की बात कर रहे थे तो देश की जनता ने उनकी सरकार को बैसाखियों पर लाकर खड़ा कर दिया। निश्चित रूप से आने वाले 2027 के चुनाव में यूपी से इन्हें उखाड़कर फेंकने का संकल्प ले लिया है। प्रदेश कोऑर्डिनेटर व जिला प्रभारी सत्यवीर सिंह व दयाशंकर पांडेय ने कहा कि जब पूरा देश पाकिस्तान के विरुद्ध एकजुट खड़ा था। विपक्ष भी सत्ता पक्ष के साथ था। तब उस समय पाकिस्तान को सबक सिखाने के बजाय अमेरिका द्वारा घोषित सीजफायर को स्वीकार कर लिया गया। आज देशभर में तथाकथित विश्व गुरु सेना के शौर्य का श्रेय लेते हुए जश्न मना रहें हैं। जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी व वरिष्ठ नेता त्रिलोकीनाथ बिंद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी का स्पष्ट मत है कि देश में जातिगत जनगणना शीघ्र होनी चाहिए। ताकि देश के संसाधनों व सामाजिक सरोकारों में जो असमानता बढ़ती जा रही है उसे दूर किया जा सके।
इस मौके पर सतीश बिंद, डॉ.राजेंद्र दुबे राजन, मो.हसनैन अंसारी, पं.दीनानाथ दुबे, काशीनाथ, मुशीर इकबाल, संजू कन्नौजिया, सुरेश गौतम, राजेश्वर दुबे, मसूद आलम, आशुतोष पांडेय, जजलाल राय, संतोष धोबी, सुबुक्तगीन अंसारी, नाजिम अली, राजबहादुर सिंह, परवेज अंसारी, अरशद मलिक, स्वालेह अंसारी,
संदीप दुबे, शक्ति मिश्र, सरफराज अहमद, रेहान नवाज आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें। अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमाशंकर बिंद ने की।