12 वर्षीय बालिका से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
12-year-old girl gang-raped, accused arrested

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रह रहे दो युवकों ने 12 वर्षीय बालिका को लालच देकर अपने जाल में फंसा लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को तमंचे से जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता के पिता ने घटना की रिपोर्ट 13 दिन बाद दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कक्षा आठ की छात्रा है। पड़ोस में किराए पर रह रहे रुस्तम यादव और प्रियांशु अक्सर बच्ची को स्कूल जाते समय पैसे और चॉकलेट का लालच देते थे। 30 अगस्त को दोनों आरोपी उसे मोबाइल और पैसे का प्रलोभन देकर अटल चौक से सुभाषनगर स्थित एक मकान में ले गए और वहां दुष्कर्म किया।आरोपियों ने धमकाया कि उनके पास बंदूक और तमंचे हैं। यदि बच्ची ने किसी को बताया या उनकी बात नहीं मानी तो उसके माता-पिता समेत पूरे परिवार को मार डालेंगे। इस डर से बालिका चुप रही, लेकिन उसके स्वभाव में आए बदलाव को देखकर परिवार ने पूछताछ की। तब उसने रोते हुए पूरी घटना बताई।
कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सख्त कार्रवाई होगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं और नाबालिग बच्ची के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



