Azamgarh news:लाइनमैन की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई: एसडीओ-जेई निलंबित,एसएसओ बर्खास्त

सुरक्षा नियमों की अनदेखी से गई लाइनमैन की जान, जिम्मेदार अधिकारी बर्खास्त-निलंबित

आजमगढ़। मुबारकपुर क्षेत्र के देवरिया गांव में लाइन ठीक करते समय हुई लाइनमैन की मौत के मामले में कार्रवाई की गई है। बुधवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने जेई और एसडीओ को निलंबित कर दिया, वहीं संबंधित फर्म ने उपकेंद्र मुबारकपुर में तैनात संविदा एसएसओ को बर्खास्त कर दिया।देवरिया गांव निवासी रामदुलारे गुप्ता (48) उपकेंद्र मुबारकपुर में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह देवली खालसा में शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर का तार ठीक कर रहे थे। इसी बीच अचानक बिजली आ गई और करंट लगने से वह नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद अधीक्षण अभियंता द्वितीय दिग्विजय सिंह और अधिशासी अभियंता की जांच में पाया गया कि उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ संजय यादव ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना सुरक्षा किट और चेक लिस्ट सत्यापन कराए केवल फोन पर शटडाउन दिया था।इसी लापरवाही के चलते प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने एसडीओ मुबारकपुर अभिषेक राय और जेई अमन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्य अभियंता (वितरण द्वितीय) गोरखपुर कार्यालय से संबद्ध कर दिया। वहीं संविदा एसएसओ संजय यादव की सेवा समाप्त कर दी गई।मुख्य अभियंता रामबाबू ने बताया कि जांच में एसडीओ और जेई दोषी पाए गए थे, इसलिए यह कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button