Azamgarh news:100 शैया अस्पताल में महिला के गर्भाशय से बड़ी गांठ का सफल ऑपरेशन
Azamgarh,Atraulia: Successful operation of a large lump in the uterus of a woman in 100 bed hospital

रिपोर्ट चन्द्रेश यादव
अतरौलिया/आजमगढ़। राजा जयलाल सिंह 100 शैया राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिंह के निर्देशन में गुरुवार को महिला के गर्भाशय में बनी बड़ी गांठ (फाइब्रॉयड) का सफल ऑपरेशन किया गया। लगभग दो घंटे चली इस जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टर्स की टीम ने सावधानीपूर्वक फाइब्रॉयड को गर्भाशय से बाहर निकाला। सर्जरी के बाद महिला की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।ऑपरेशन में गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. अमित सिंह, सर्जन डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. इरफान, स्टाफ नर्स विजयलक्ष्मी शाही, कंचन तथा अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। डॉक्टरों ने बताया कि यह ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने समन्वय के साथ इसे सफलतापूर्वक पूरा किया।सर्जरी के बाद जानकारी देते हुए डॉ. अमित सिंह ने बताया कि गर्भाशय में बनने वाली गांठ, जिसे फाइब्रॉयड या रसौली कहा जाता है, आजकल युवा महिलाओं में आम होती जा रही है। अनियमित जीवनशैली, मोटापा, तनाव, नींद की कमी, असंतुलित खान–पान और कई बार आनुवांशिक कारण इसकी प्रमुख वजह हैं। उन्होंने कहा कि शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टरोन हार्मोन का स्तर बढ़ने पर फाइब्रॉयड बड़ा आकार ले लेता है और समय पर इलाज न मिले तो यह खतरनाक भी हो सकता है।डॉ. अमित ने सलाह दी कि प्रतिदिन आधा घंटा व्यायाम, फाइबर युक्त संतुलित आहार, जंक फूड से दूरी और तनाव कम करने से इस बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिंह ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की टीम निरंतर बड़े ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर रही है, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



