Azamgarh News:अतरौलिया में रामनवमी पर आस्था का सैलाब, भव्य झांकी यात्रा से गूंजा नगर।
Azamgarh News:

अतरौलिया में रामनवमी पर आस्था का सैलाब, भव्य झांकी यात्रा से गूंजा नगर।
रामनवमी के पावन अवसर पर स्थानीय नगर पंचायत में शुक्रवार को आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री ठाकुरद्वारा राम जानकी मंदिर से निकली भगवान श्रीराम की भव्य झांकी यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे इस दिव्य यात्रा में शामिल हुए और “जय श्रीराम” व “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

शोभायात्रा की शुरुआत श्री ठाकुरद्वारा राम जानकी मंदिर से हुई, जहां विधिवत हवन-पूजन और भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद सजे-धजे रथ पर विराजमान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और बजरंगबली की आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसे देखने के लिए नगरवासी उमड़ पड़े। यात्रा रामजानकी मंदिर, दुर्गा मंदिर, थाना रोड, बब्बर चौक, लोहिया नगर से होते हुए हनुमानगढ़ी मंदिर केसरी सिंह चौक जायसवाल त्रिमुहानी, मुसाफिर चौक, गोला क्षेत्र, बरन चौक, सब्जी मंडी होते हुए पश्चिम पोखरा स्थित हनुमान मंदिर पर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जैसे ही झांकी किसी गली या मोहल्ले से गुजरती, लोग हाथ जोड़कर प्रभु के चरणों में शीश नवाते नजर आए। वहीं, महिलाओं ने अपने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया। भक्ति गीतों और डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। यात्रा में सबसे आगे बजरंगबली की झांकी और पारंपरिक प्रतीक घोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। रामाश्रय संकीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। जगह-जगह भक्तों ने प्रसाद वितरण और जहां बब्बर चौक पर पवन कुमार के द्वारा शरबत पिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उप निरीक्षक सहित पुलिस बल की तैनाती से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस मौके पर शियाराम गुप्ता, नवनीत, , शिवकुमार, हिमांशु विनायकर, रामजतन, प्रदीप जायसवाल, विश्वदीप, पिन्टू मिश्रा, शिव शंकर, पिंटू गुप्ता, अमित जायसवाल, अरविंद जायसवाल धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू, सुभाष चंद्र जायसवाल अध्यक्ष, अमित सिंह, हर्षित सिंह, चन्द्र जीत तिवारी मनीष सोनी अरविंद जायसवाल, समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रामनवमी की इस भव्य झांकी यात्रा ने न सिर्फ नगर की गलियों को भक्तिमय बना दिया, बल्कि लोगों की अटूट आस्था और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल भी पेश की।



