संतान न होने पर विवाद: पति और देवर पर पत्नी की हत्या का आरोप

संतान न होने पर विवाद: पति और देवर पर पत्नी की हत्या का आरोप

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतूआपार गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। संतान न होने को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच महिला की मौत हुई, जिसे लेकर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमीन हरखोरी धनछुला (थाना जीयनपुर) निवासी 36 वर्षीय सिम्पी सिंह की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व रतूआपार निवासी पंकज सिंह से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि संतान न होने के कारण सिम्पी को उसके पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था, जिससे घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि बीती रात सिम्पी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना को छिपाने की कोशिश करते हुए सुबह जल्दबाजी में दाह संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान विवाह में मध्यस्थ रहे एक व्यक्ति ने सिम्पी के भाई को फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया।
मृतका के भाई अनूप कुमार सिंह के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर सिम्पी के शरीर और पेट पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। ससुराल पक्ष ने दावा किया कि सिम्पी रात में हैंडपंप से पानी लेने गई थी और गिरने से सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, शरीर पर मौजूद चोटों के निशान इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति पंकज सिंह, देवर विनय सिंह और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button