Azamgarh news :500 कुख्यात अपराधियों के यहां एक साथ पुलिस की दबिश, चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान सम्पन्न
500 कुख्यात अपराधियों के यहां एक साथ पुलिस की दबिश, चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान सम्पन्न

लुटेरे, डकैत, तस्कर एवं नकल माफिया पुलिस रडार पर, घर-घर पहुंचकर किया गया भौतिक सत्यापन
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ० अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी के मार्गदर्शन में सर्किल नगर क्षेत्र में सोमवार से गुरुवार तक चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया।
अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत लूट, डकैती, जानलेवा हमले, परीक्षा में नकल कराने, तस्करी तथा अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे कुल 500 कुख्यात अपराधियों के यहां सामूहिक दबिश देकर उनका सत्यापन किया गया।
अभियान के सफल संचालन हेतु प्रतिदिन 50 पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में 01 उपनिरीक्षक एवं 04 आरक्षी नियुक्त किए गए थे। सभी टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग के उपरांत एक साथ कोतवाली से रवाना किया गया तथा चिन्हित अपराधियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उनका भौतिक सत्यापन किया गया।
सत्यापन के दौरान अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, आजीविका, सामाजिक व्यवहार एवं आपराधिक प्रवृत्तियों के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही प्रत्येक अपराधी का डोजियर तैयार एवं अद्यतन किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्ति वर्तमान में सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं अथवा पुनः अपराध जगत से जुड़कर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं। सत्यापन के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार निरोधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जनपद आजमगढ़ पुलिस द्वारा अपराधियों पर सतत निगरानी एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



