Azamgarh encounter:24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा,शादी समारोह में युवक की हत्या का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार; थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मेंहनाजपुर पुलिस की बड़ी सफलता

आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डण्डवल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान भोजन करने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर प्रितोष राजभर की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा की तलाश में लगातार दबिश दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
आजमगढ़ में स्थानांतरित दो सीओ को एसएसपी ने दी भावभीनी विदाई
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, जिंदा व मिस कारतूस, खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा सहित सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शादी समारोह में भोजन करने को लेकर विवाद बढ़ने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रितोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला किया था, जिसमें प्रितोष राजभर की गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई।
Azamgarh news :आपराधिक गतिविधियों मे संलिप्त 01 शस्त्र धारक का शस्त्र लाइसेंस किया निरस्त
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल, प्रशान्त पाण्डेय, विक्रान्त मिश्रा, हरिशंकर यादव सहित थाना मेंहनाजपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जब से थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने मेंहनाजपुर थाने का कार्यभार संभाला है, अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। हत्या जैसे गंभीर मामले में 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित एवं सक्रिय कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।



