Azamgarh News:गोपालपुर विधानसभा में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संपन्न, बूथ सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
गोपालपुर विधानसभा में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संपन्न, बूथ सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
गोपालपुर (आजमगढ़)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अखिलेश तिवारी ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का आयोजन गोपालपुर विधानसभा के निवर्तमान भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय के नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने श्री सत्येंद्र राय के नेतृत्व की सराहना करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



