Azamgarh News:स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्थाओं पर सीएमओ सख्त

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय:

स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्थाओं पर सीएमओ सख्त

सठियांव व शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, समय से चिकित्सकों की उपस्थिति और साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने मंगलवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सठियांव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान चिकित्सकों की समय से उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, मरीजों की सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई।

सीएचसी सठियांव में चिकित्सकों के समय से उपलब्ध न रहने की शिकायत पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी चिकित्सकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को सेवाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही या समय से अनुपस्थित रहने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मरीजों के बैठने की व्यवस्था अपर्याप्त मिली, जिस पर अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। पेयजल व्यवस्था उपलब्ध मिली, जबकि परिसर की सफाई संतोषजनक पाई गई। उपस्थिति पंजिका में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी समेत अधिकांश पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित मिला। ओपीडी व पंजीयन कक्ष में टोकन एवं कतार व्यवस्था सुचारू मिली तथा औषधि स्टोर में आवश्यक और जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिलीं।

सीएमओ ने प्रसव कक्ष और वार्ड का निरीक्षण कर स्वच्छता व उपकरणों की स्थिति देखी तथा भर्ती मरीजों से भोजन और दवाओं की गुणवत्ता का फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अस्पताल व जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाओं को प्राथमिकता से लिखने के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ में शौचालय अत्यधिक गंदा मिलने तथा परिसर में घास-फूस एवं गंदगी पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सफाई कराने और नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सकों व कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button