आजमगढ़:रोहु मुस्तफाबाद में बड़ी चोरी,डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस ने खंगाला इलाका,चोरी के बाद भी नहीं मिला सुराग
Azamgarh: Major theft in Rohu Mustafabad; police, along with dog squad, searched the area, but no clue was found even after the theft.
आजमगढ़ 20 अगस्त ;गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रोहु मुस्तफाबाद में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे से छत पर पहुंचे और ऊपर लगे दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए।जानकारी के अनुसार, अरविंद कुमार पुत्र गिरधारी के घर में घुसे चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। इसके बाद घर में रखी सात पेटियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, महिलाओं की साड़ियां समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।सुबह परिजनों की नींद खुलने पर घर के अंदर सामान बिखरा मिला। घटना की जानकारी होने पर अरविंद कुमार ने तत्काल गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए आजमगढ़ जनपद की फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से संभावित फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए और उनकी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई। वहीं, डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के क्षेत्र में भी जांच कराई गई, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।



