Azamgarh News:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक संपन्न*

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक संपन्न*
*आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी- डीएम*
शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त – डीएम*
शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तायुक्त शिकायतों का करें निस्तारण- जिलाधिकारी*
आजमगढ़, 20 अगस्त 2026/ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालयों में विद्युत संयोजन की पेंडेंसी, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तारों को हटाने में लापरवाही, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता तथा बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन हाइडिल विद्युत पर कार्यवाही किए जाने हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकता वाला पोर्टल है। अधिकारी स्वयं प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए।
समीक्षा के दौरान तहसीलदार लालगंज एवं उप कृषि निदेशक द्वारा प्राप्त शिकायतों के संबंध में पर्याप्त संख्या में शिकायतकर्ताओं से संपर्क न किए जाने पर जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए। जिन ग्रामों से सर्वाधिक शिकायतें अथवा असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं पहुंचकर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में आईजीआरएस पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त न होने पाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, डीसी एनआरएलएम डॉ. आराधना त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



