Azamgarh news;नहर में समाया परिवार का सहारा, एक साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
The support of the family caught in the canal, the shadow of the father lifted from the head of the one-year-old daughter
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव निवासी 30 वर्षीय सूरज राम पुत्र राजाराम की मंगलवार शाम शारदा सहायक खंड-23 नहर में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह नहर का पानी कम होने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद घटनास्थल के पास ही सूरज का शव बरामद हुआ। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, सूरज राम मंगलवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए गांव के उत्तरी छोर पर स्थित नहर के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए नहर में कूदे, लेकिन तेज बहाव और नहर की गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।घटना की सूचना गोसाई की बाजार पुलिस चौकी को दी गई। चौकी प्रभारी आशीष तिवारी और वीरेंद्र कुमार यादव हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पूरी रात नहर में युवक की तलाश की, लेकिन अधिक पानी और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर नहर का पानी बंद कराया गया।बुधवार सुबह पानी का स्तर कम होने पर पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की। करीब नौ बजे घटनास्थल के पास ही सूरज का शव बरामद हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सूरज तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी एक साल की बेटी भी है। उसकी मौत से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।



