Azamgarh news :सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर विकास प्रदर्शनी का जिलाधिकारी,सीडीओ,जिलाध्यक्ष ने किया भव्य उद्घाटन
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर विकास प्रदर्शनी का जिलाधिकारी,सीडीओ,जिलाध्यक्ष ने किया भव्य उद्घाटन

केंद्र के 12 वर्ष व उत्तर प्रदेश सरकार के 10 वर्षों में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शन में दी गई जानकारी
हजारों जनपदवासियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन, दीया जलाकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा हरिऔध कला प्रांगण, आजमगढ़ में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल एवं जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा उनकी जीवन यात्रा पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
एक ही छत के नीचे योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विकास प्रदर्शनी जनमानस के लिए अत्यंत उपयोगी है। प्रदर्शनी में एक ही छत के नीचे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इससे आमजन को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने तथा उनके लाभ से जुड़ने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि विकास प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में उपलब्ध सामग्री के माध्यम से आमजन योजनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं और पात्रता के अनुसार उनका लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी
जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने विकास प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 10 वर्ष के सेवाकाल के दौरान संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई है। साथ ही पुस्तक प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं जीवन यात्रा से संबंधित साहित्य को भी आमजन के लिए उपलब्ध कराया गया है।
जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस विकास प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य जनमानस को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे हरिऔध कला प्रांगण में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करें, विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
हजारों जनपदवासियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन, दीया जलाकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना
विकास प्रदर्शनी के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में जनपदवासी हरिऔध कला प्रांगण पहुंचे और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। हजारों की संख्या में आए लोगों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं तथा आवश्यक जानकारी को नोट किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शाम 7 बजे प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना हेतु जनपदवासियों द्वारा आशीर्वाद का दीया जलाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव सहित अन्य जनपद प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं हजारों की संख्या में जनपदवासी उपस्थित रहे।



