Azamgarh news :01 नवंबर को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का होगा आयोजन
01 नवंबर को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का होगा आयोजन

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ अंकित वर्मा ने अवगत कराया है कि मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के पत्र के क्रम में तथा मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 01 नवंबर 2026 को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
वृहद/मेगा शिविर के माध्यम से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, महिलाओं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
शिविर के आयोजन से पूर्व संबंधित विभागों द्वारा जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों का चिन्हांकन एवं चयन किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम जनमानस से अपील की गई है कि वे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता के संबंध में संबंधित विभाग से संपर्क कर अपना पंजीकरण/आवेदन कराना सुनिश्चित करें, जिससे उन्हें मेगा शिविर के माध्यम से पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके।



