आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन में शुक्रवार की परेड का किया निरीक्षण, ली सलामी
पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, यूपी-112, डॉग स्क्वाड एवं निर्माणाधीन आवासीय परिसर का लिया जायजा
आजमगढ़, 13 नवंबर:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के अनुशासन, वर्दी एवं टर्नआउट का जायजा लेते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने तथा पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय कौस्तुभ त्रिपाठी एवं प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन मौजूद रहे।
परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित मेस, निर्माणाधीन आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेंसी सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, रख-रखाव और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।एसएसपी ने यूपी-112 के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। वाहनों में उपलब्ध उपकरणों और संसाधनों की स्थिति का जायजा लेते हुए पाई गई तकनीकी एवं भौतिक कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर व्यवहार रखने, सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा दंगा नियंत्रण उपकरण, टैबलेट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।इसके अतिरिक्त डॉग स्क्वाड का निरीक्षण कर डॉग्स की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उनके खान-पान और रख-रखाव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं एवं प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



