आजमगढ़:आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर प्राप्त किया चरित्र प्रमाण पत्र, जिलाधिकारी ने किया निरस्त
टेंडर/ठेकेदारी हेतु प्रस्तुत शपथ-पत्र में आपराधिक मुकदमों का नहीं किया था उल्लेख, नोटिस के बावजूद जवाब न देने पर हुई कार्रवाई
आजमगढ़, 12 नवंबर:जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर शपथ-पत्र के आधार पर टेंडर/ठेकेदारी हेतु प्राप्त किए गए चरित्र प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया गया है। संबंधित व्यक्ति द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत शपथ-पत्र में अपने विरुद्ध किसी भी थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज न होने तथा किसी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन न होने का उल्लेख किया गया था, जबकि पुलिस आख्या में उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में आपराधिक अभियोग पंजीकृत होने की पुष्टि हुई।प्रकरण के अनुसार, ग्राम पखनपुर, पोस्ट एवं थाना अहरौला, तहसील फूलपुर, जनपद आजमगढ़ निवासी सतपाल सिंह पुत्र गिरिश सिंह द्वारा टेंडर/ठेकेदारी के कार्यों के लिए चरित्र प्रमाण पत्र हेतु आवेदन किया गया था। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ की आख्या के माध्यम से यह तथ्य प्रकाश में आया कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध जनपद लखनऊ के थाना चिनहट में मु0अ0सं0 236/2025, थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0 215/2025 तथा जनपद बाराबंकी के थाना सतरिख में मु0अ0सं0 173/2026 के अंतर्गत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ में भी मु0अ0सं0 299/2026 पंजीकृत होना पाया गया।
पुलिस आख्या में उक्त तथ्यों की पुष्टि होने के उपरांत यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत शपथ-पत्र में अपने विरुद्ध पंजीकृत आपराधिक अभियोगों की जानकारी छिपाई गई थी। इस संबंध में संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर प्रदान करते हुए नोटिस जारी किया गया। उसे अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत करने तथा अपना प्रतिउत्तर दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में उसके द्वारा न तो कोई प्रतिउत्तर प्रस्तुत किया गया और न ही अपने पक्ष में कोई साक्ष्य उपलब्ध कराया गया।जिलाधिकारी द्वारा प्रकरण में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भी संज्ञान लिया गया। शासनादेशों में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि लोक निर्माण विभाग के मार्ग, सेतु, भवन तथा विद्युत एवं यांत्रिक सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के ठेके ऐसे व्यक्तियों को आवंटित नहीं किए जाएंगे, जिनका आपराधिक इतिहास हो अथवा जो माफिया, गैंगस्टर एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हों। साथ ही चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने से पूर्व आवेदक के चरित्र एवं आपराधिक गतिविधियों के संबंध में समुचित जांच कराए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
प्रकरण में उपलब्ध अभिलेखों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की आख्या, शासनादेशों तथा संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिए जाने के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा आदेश जारी कर सतपाल सिंह के पक्ष में टेंडर/ठेकेदारी हेतु निर्गत चरित्र प्रमाण पत्र-2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निरस्त किए गए चरित्र प्रमाण पत्र का पूर्व में अथवा भविष्य में किसी भी प्रकार का उपयोग किया जाना अवैध होगा। उक्त प्रमाण पत्र के आधार पर यदि कोई देयता अथवा दायित्व उत्पन्न होता है तो उसकी वसूली संबंधित व्यक्ति से की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा निरस्त किए गए चरित्र प्रमाण पत्र की मूल प्रति जब्त कर कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि शासकीय निर्माण कार्यों एवं ठेकेदारी व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा तथ्यों को छिपाकर सरकारी प्रक्रियाओं का अनुचित लाभ प्राप्त करने के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



