खुशी-खुशी हुई जयमाला, फिर क्यों भड़की दुल्हन? फिरोजाबाद में शादी से किया इनकार, लाल जोड़े में शिकायत लेकर पहुंची थाने
The wedding took place happily, but why did the bride become angry? A woman in Firozabad refused to marry and arrived at the police station in a red dress with a complaint.
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने दूल्हे को एक दूसरी युवती के साथ कमरे में जाते देख लिया। इस घटना से नाराज दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते शादी समारोह में विवाद बढ़ गया और मामला थाने तक पहुंच गया। खास बात यह रही कि दुल्हन लाल जोड़े और हाथों में मेहंदी लगाए सीधे पुलिस थाने पहुंच गई और दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामला फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित गोपाल मैरिज होम का है। यहां आकाश और काजल की शादी का समारोह चल रहा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और खुशी-खुशी जयमाला की रस्म भी संपन्न हुई। इसी दौरान दुल्हन के आरोपों के मुताबिक, दूल्हे ने एक दूसरी युवती को अपने पास बुलाया और दुल्हन को स्टेज से दूर हटने के लिए कहा। इसके बाद दूल्हा उस युवती के साथ एक कमरे में चला गया।दुल्हन का आरोप है कि कमरे का दरवाजा बंद रहा और करीब आधे घंटे तक दोनों अंदर रहे। इस घटनाक्रम की जानकारी होने पर दुल्हन और उसके परिजनों ने विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया और खुद पुलिस को फोन कर दिया।
लाल जोड़े में थाने पहुंची काजल
घटना के बाद दुल्हन काजल लाल शादी के जोड़े और हाथों में मेहंदी लगाए थाना उत्तर पहुंची। उसने पुलिस को अपनी शिकायत बताते हुए कहा कि वह एटा जिले की रहने वाली है और उसके माता-पिता शादी के लिए फिरोजाबाद आए थे, लेकिन जयमाला के बाद हुई इस घटना से उसका भरोसा टूट गया है। अब वह आकाश से शादी नहीं करना चाहती। काजल ने मांग की कि उसके साथ जो हुआ, वैसा किसी दूसरी लड़की के साथ न हो और मामले में उचित कार्रवाई की जाए।
दूल्हे ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, विवाद बढ़ने के बाद दूल्हा आकाश भी पगड़ी और शादी की पोशाक में थाने पहुंचा। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए सफाई दी कि जिस युवती को लेकर विवाद हुआ, वह उसके दोस्त की बहन है।शादी समारोह में शामिल महिला सीमा राठौर के मुताबिक, शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था और फोटोग्राफी हो रही थी। इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन को बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद दो युवक एक युवती को कमरे में छोड़कर चले गए और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद हो गया।फिलहाल जयमाला के बाद शुरू हुआ यह विवाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ दुल्हन ने शादी से इनकार करते हुए पुलिस से शिकायत की है, वहीं दूल्हा अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहा है। शादी की खुशियां पलभर में विवाद में बदल गईं और जिस मंडप में सात फेरों की तैयारी थी, वहां मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया।



