बहन को झाड़ियों में घायल देखकर बिलख पड़ा भाई, किशोरी ने बताई दरिंदगी की पूरी कहानी
Brother breaks down after finding sister injured in bushes, teenager tells the full story of brutality
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि खेत पर जा रही किशोरी को पड़ोसी गांव के 16 वर्षीय नाबालिग ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उसे जबरन खींचकर झाड़ियों में ले गया। किशोरी के विरोध और चीखने-चिल्लाने पर आरोपी ने उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी घायल किशोरी को झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर रहीमाबाद क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी अपने खेत पर काम करने जा रही थी। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर पड़ोसी गांव का रहने वाला 16 वर्षीय किशोर उसके सामने आ गया और रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने किशोरी को लात-घूंसों से जमकर पीटा और जबरन खींचकर झाड़ियों के पास ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने दोबारा उसकी पिटाई की, जिससे उसके पेट, मुंह और चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग निकला।
भाई को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगी किशोरी
इधर, काफी देर तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। तलाश करते हुए उसका भाई खेत की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचा तो उसे झाड़ियों से बहन की रोने की आवाज सुनाई दी। भाई ने वहां पहुंचकर देखा तो किशोरी गंभीर हालत में घायल पड़ी थी। भाई को देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगी और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर रहीमाबाद थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लिया
किशोरी के भाई के मुताबिक, आरोपी से बचने के लिए उसकी बहन ने काफी देर तक संघर्ष किया, लेकिन आरोपी की बेरहमी से पिटाई के कारण वह डर गई। इस मामले में इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



