UP में 80 की जगह 120 सांसद और 403 की जगह होंगे 605 विधायक, केशव मौर्य ने बताया परिसीमन का फॉर्मूला; सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

UP will have 120 MPs instead of 80 and 605 MLAs instead of 403. Keshav Maurya explained the delimitation formula; he targeted the SP and Congress.

लखनऊ। महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महिला आरक्षण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में उनका उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इसमें लगातार अड़ंगा लगाते रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सपा और कांग्रेस पर महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहने का आरोप लगाया।

UP में 80 की जगह 120 सांसद, 403 की जगह होंगे 605 विधायक

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने परिसीमन के प्रस्तावित फॉर्मूले की जानकारी देते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा की मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 हो जाएंगी। इसी तरह प्रदेश विधानसभा में विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर लगभग 605 हो जाएगी।उन्होंने कहा कि इसी अनुपात में दूसरे राज्यों में भी लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बढ़ाई गई सीटों में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। केशव मौर्य ने बताया कि महिला आरक्षण को लेकर 15 वर्ष की समय-सीमा के बाद आरक्षित सीटों की व्यवस्था में केंद्रीय कैबिनेट बदलाव कर सकती है।

विरोध करने वाले दलों को मातृशक्ति याद रखेगी- केशव मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में जितना प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था, उसमें कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने बाधा डालने का काम किया है। समाजवादी पार्टी भी इसमें पीछे नहीं रही है।उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पारित होने के बाद जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने का समय आया और इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, तब जिन दलों ने इसका विरोध किया, उन्हें देश की मातृशक्ति निश्चित तौर पर याद रखेगी।डिप्टी सीएम ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से अपील करते हुए कहा कि वे महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े बिल का विरोध न करें। यह बिल देश के हित में है, लोकतंत्र को मजबूत करने वाला है और संविधान की मूल भावना के अनुरूप है।उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस बिल को कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिलेगा और यह संसद से पारित होगा। मौर्य ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से सदनों में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और लोकतंत्र और मजबूत होगा।

2029 के लोकसभा चुनाव से लागू होगी व्यवस्था

केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू हो जाएगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना विपक्ष का राजनीतिक अधिकार है, लेकिन देश के 140 करोड़ लोगों के हितों से विरोध नहीं करना चाहिए।

सपा-कांग्रेस महिलाओं को उनका हक नहीं देना चाहते- ब्रजेश पाठक

वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी महिला आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। पुलिस सेवा में भी बड़ी संख्या में बेटियां अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस महिलाओं को उनका हक और अधिकार नहीं देना चाहते। दोनों दल महिलाओं को मिलने जा रहे 33 प्रतिशत आरक्षण में लगातार बाधा डाल रहे हैं।सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सार्वजनिक मंचों और अपने घोषणा पत्र में महिलाओं के साथ खड़े होने की बात करते हैं, लेकिन जब संसद में महिलाओं के आरक्षण से जुड़ा बिल आता है तो विरोध करते हैं। इससे उनकी दोहरी मानसिकता सामने आ गई है।ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिलाओं के साथ खड़ी है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button