बेटे की मौत से पूरी तरह टूट चुके मां-बाप ने बिलखते हुए किया बेटी का कन्यादान

रिपोर्टर अजीत कुमार सिंह बिट्टू जी ब्यूरो चीफ हिंद एकता टाइम्स
बलिया : सड़क हादसे में इकलौते भाई की मौत के दो दिनों बाद रविवार को बहन की डोली उठी तो हर किसी की आंखें नम हो गयी। मैरीटार की कृतिका की शादी रविवार को असेगा के बाबा शोकहरण नाथ मंदिर में हुई। बेटे की मौत से पूरी तरह से टूट चुके मां-बाप ने बिलखते हुए बेटी का कन्यादान किया। इस दौरान वहां पर मौजूद हर किसी का दिल पसीज गया।
मैरीटार (सिद्धौली) निवासी छोटक पासवान की कृतिका की शादी सुखपुरा के धरहरा गांव के मोनू पासवान से तय थी। तिलक का कार्यक्रम हो चुका था। 14 जुलाई यानि रविवार को बारात आने वाली थी। लड़का-लड़की पक्ष के घरों में विवाह की तैयारी चल रही थी। नाते-रिस्तेदारों को भी बुलाया गया था। इसी बीच गुरुवार की रात छोटक के एकलौते पुत्र अभिषेक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अभिषेक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद शादी होने पर संशय खड़ा हो गया। हालांकि दुख की इस घड़ी में लड़का पक्ष ने निर्धारित तिथि पर शादी करने की इच्छा व्यक्त किया।
बताया जाता है कि हल्दी आदि की रस्म घर में पूरी करने के बाद लड़की पक्ष असेगा के मंदिर पर पहुंच गया। वहां पर सुखपुरा थाना क्षेत्र के धरहरा से चंद लोग बरात लेकर पहुंचे। इसके बाद मंदिर में ही शादी करायी गयी। इकलौते बेटे की मौत से टूट चुके पिता छोटक व मां सरोज देवी ने बिलखते हुए बेटी का कन्यादान किया। मंदिर में मंगलगीत की जगह करुण क्रंदन था। विवाह के बाद दूल्हन कृतिका की विदाई कर दी गयी। इस दौरान मौजूद दोनों पक्षों के लोगों के आंखों में आंसू थे।



