नगर पंचायत नगरा में एक भी सामुदायिक शौचालय नहीं  महिलाएं, व्यापारी व आमजन परेशान

 

रिपोर्टर संजय सिंह

नगरा(बलिया) स्थानीय नगर पंचायत में एक भी सामुदायिक शौचालय न होने से नगर के नागरिको सहित व्यापारियों, दुकानदारों व लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

उल्लेखनीय हो कि जिले के नगरा ब्लॉक का पहले यह सबसे बड़ा गांव था. आज नगर पंचायत का दर्जा पाया है. बावजूद इसके पूरे नगर पंचायत में एक भी सामुदायिक शौचालय न होना बेहद अफसोस की बात है. इस संबंध में भाजपा आईटी सेल के जिला संयोजक जयप्रकाश जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है. बताया है कि सरकार स्वच्छ भारत मिशन का कार्यक्रम पूरे देश में चला रही है. ऐसे में नगरा नगर पंचायत में यह नारा खोखला साबित हो रहा है. भेजे अपने पत्र में श्री जायसवाल ने कहा है कि करीब तीन दशक पहले नगर के रोशन शाह बाबा के मजार के पास एक सामुदायिक शौचालय बना था, जो आज के तारीख में जर्जर व बंद अवस्था में है. जिससे बाजार में महिलाओं तथा व्यापारीगणो को शौचालय के अभाव में बहुत दिक्कत व शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. यह भी बताया है कि प्रदेश सरकार द्वारा शौचालय बनाने के लिए लाखों रुपए आए हैं, मगर अधिशासी अधिकारी व अध्यक्ष की लापरवाही से आज तक निर्माण कार्य नहीं हुआ. रुपए वैसे ही पड़े हैं, जिसका संज्ञान लेकर जल्द से जल्द कार्य शुरू कर देने के लिए आदेश नगर पंचायत नगरा को भेजा जाना चाहिए.

Related Articles

Back to top button