बिहार में चेहरा चमकाने वाली सरकार चल रही है : राजद

[ad_1]

पटना, 9 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने गुरुवार को प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। राजद ने स्पष्ट कहा कि ‘लूट सको तो लूट लो’ के तर्ज पर बिहार में चेहरा चमकाने वाली सरकार चल रही है।

बिहार प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, अरुण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा एवं आरजू खान की उपस्थिति में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लगता ही नहीं है कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज है।

उन्होंने कहा, “रिटायर्ड पदाधिकारी, दो दिल्ली और दो बिहार वाले, सरकार को अपने अनुसार चला रहे हैं। बिहार संस्थागत भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है और भ्रष्टाचार हर जगह दिख रहा है। सरकारी खजाने का दुरुपयोग हो रहा है। थोथी दलील के सहारे सरकार चल रही है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहीं लोगों से नहीं मिल रहे हैं। एक भी फोटो, फुटेज या वीडियो में यह नहीं दिखा कि वह आमजन से मिल रहे हैं। सही अर्थों में मुख्यमंत्री की यह प्रगति यात्रा ‘दुर्गति यात्रा’ में तब्दील हो गई है। जहां 2 अरब 25 करोड़ 70 लाख रुपए खर्च करके जनता के हितों में कोई कार्य नहीं हो रहे हैं। लोकतंत्र में जनता की चुनी सरकार जनता के लिए कोई काम नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि सत्ता प्रतिष्ठान ने रिटायर्ड अधिकारियों के माध्यम से ट्रांसफर-पोस्टिंग को उद्योग का दर्जा दे दिया है और यह स्पष्ट रूप से दिख रहा है। बिहार में ‘लूट सको तो लूट लो’ के आधार पर सरकार चल रही है और सरकारी खजाने का दुरुपयोग चेहरा चमकाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजद बीपीएससी के अभ्यर्थियों के प्रति डे फर्स्ट से गंभीर है और जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल जाता है, राजद नेता तेजस्वी यादव चैन से बैठने वाले नहीं हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/

[ad_2]

Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ

Related Articles

Back to top button