कृषि मंत्री ने किया ध्वजारोहण वीरों के परिजनों और प्रतिभागियों को किया सम्मानित

देवरिया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 79वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देवरिया क्लब में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया गया।
कृषि मंत्री ने अमर शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर अमर गाथा लिखी है। उनकी शौर्यगाथाएँ हमें सदैव राष्ट्रहित और समाजसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने शहीद स्मारक और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
देवरिया क्लब में आयोजित समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, गीत और कविताओं ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। सभागार देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button