Azamgarh news:सड़क पर गिरी गनमैन की बंदूक, अचानक फायर से एक की मौत, एक गंभीर

Azamgarh: Gunman's gun fell on the road, one died due to sudden firing, one critical.

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आज़मगढ़ नगर पंचायत फूलपुर में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब कैश डिलीवरी वाहन के गनमैन की लोडेड डबल बैरल बंदूक सड़क पर गिरते ही अचानक चल गई। गोली लगने से बैंक आए दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने ताहिर मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार वैसाडीह ग्राम पंचायत निवासी लवकुश चौहान (35) पुत्र जयनाथ अपनी बहन रूपा व अपने साथी संजय चौहान (24) पुत्र राम सजन के साथ यूनियन बैंक मुख्य शाखा फूलपुर में कार्य कराने आया था। उसी समय करीब तीन बजे एसआईएस कंपनी की कैश वैन बैंक के सामने आकर रुकी।वैन का गनमैन लोडेड डबल बैरल बंदूक लेकर सड़क पार कर रहा था। तभी एक बाइक सवार उससे टकरा गया। धक्का लगते ही गनमैन का संतुलन बिगड़ गया और बंदूक सड़क पर गिर गई। जमीन पर गिरते ही बंदूक से अचानक फायर हो गया, जिसकी चपेट में लवकुश और संजय आ गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत ताहिर मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान संजय चौहान की मौत हो गई, जबकि लवकुश का इलाज जारी है। फायर की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि गोली चलने के बाद कैश वैन और उसके गनमैन मौके से गायब हो गए। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।थाना प्रभारी ने बताया कि कैश वैन एसआईएस कंपनी की है और गोली कंपनी के ही एक गनमैन की बंदूक से चली है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।हादसे से मृतक संजय के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button