Azamgarh News:रक्षाबंधन पर शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री योगी को भेजा रक्षा सूत्र, जिला अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा के नेतृत्व में भावुक अपील
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय:
रक्षाबंधन पर शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री योगी को भेजा रक्षा सूत्र, जिला अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा के नेतृत्व में भावुक अपील
आजमगढ़ जनपद में रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले मंगलवार को टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति, जनपद आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टेट पास एवं नान-टेट शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना भाई मानकर रक्षा सूत्र भेजा। कुंवर सिंह उद्यान में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र बहनें एवं भाई एकत्र हुए और रक्षा सूत्र को लिफाफे में रखकर मुख्य डाकघर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया।
जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाई मानकर यह रक्षा सूत्र भेजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री बहनों की इस भावनात्मक पुकार को समझेंगे और उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सकारात्मक निर्णय लेंगे।
शिक्षामित्र बहनों ने भावुक होकर कहा, “भैया, यह रक्षा सूत्र एक बहन की ओर से भेजा गया धागा है। रक्षाबंधन के शुभ मुहूर्त में इसे धारण कर हम बहनों के लिए कुछ ऐसा जरूर कीजिए, जिससे हम अपने परिवार का पालन-पोषण सम्मान के साथ कर सकें।” बहनों ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश के कल्याणकारी नेतृत्व की मंगलकामना भी की।
प्रवीण मिश्रा ने कहा कि यह रक्षा सूत्र महज एक धागा नहीं, बल्कि प्रदेश की हजारों शिक्षामित्र बहनों की उम्मीद, विश्वास और करुण वेदना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर की शिक्षामित्र बहनें इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र भेज रही हैं और उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री एक भाई के रूप में उनकी पीड़ा को समझते हुए उनके हित में निर्णय लेंगे।
इस अवसर पर सुमन तिवारी, कविता यादव, ममता सिंह, संगीता राय, किरण राय, अनुपमा सिंह, पूनम सिंह, प्रज्ञा सिंह, मंडल अध्यक्ष अवधेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार,राजेश राय, रमेश चंद्र, बृजपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।



