Azamgarh News:सकरे पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, बाल-बाल बचे सवार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सकरे पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, बाल-बाल बचे सवार
सात साल से अधूरा पड़ा कयाड नदी पुल का निर्माण, हादसों के बावजूद विभाग बेखबर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत पटवध कौतुक स्थित कयाड नदी के सकरे पुल पर सोमवार की शाम बारिश के दौरान स्विफ्ट डिजायर और इंडिगो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संयोगवश दोनों कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद पुल पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार आजमगढ़ से बिलरियागंज की ओर जा रही थी। उसमें आशीष कुमार सिंह (45) पुत्र विनोद सिंह निवासी भदोखर, जनपद रायबरेली सवार थे। वहीं इंडिगो कार बिलरियागंज से आजमगढ़ की ओर जा रही थी, जिसमें मोहम्मद शोएब पुत्र नूरुल हसन निवासी मुकेरीगंज, थाना कोतवाली आजमगढ़ समेत दो अन्य लोग सवार थे। कयाड नदी के सकरे पुल पर पहुंचते ही दोनों कारें आमने-सामने टकरा गईं।
हादसे के समय बारिश हो रही थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी भी कार सवार को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों वाहनों को अलग कर सड़क के किनारे खड़ा कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कयाड नदी के इस पुल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए हुए करीब सात साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। पुल के सकरे होने के कारण दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस पुल पर आए दिन छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। कई हादसों में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। इसके बावजूद पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या पीडब्ल्यूडी विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? लोगों ने जल्द से जल्द पुल निर्माण पूरा कराने तथा तब तक सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाने की मांग की है।



