दक्षिण दिल्ली और चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशियों ने किया नामांकन
BJP candidates from South Delhi and Chandni Chowk filed nominations
लोकसभा चुनाव के लिए नई दिल्ली की चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल और दक्षिण दिल्ली से रामबीर सिंह बिधूड़ी ने अपना-अपना नामांकन शुक्रवार को दाखिल किया।
नई दिल्ली, 3 मई । लोकसभा चुनाव के लिए नई दिल्ली की चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल और दक्षिण दिल्ली से रामबीर सिंह बिधूड़ी ने अपना-अपना नामांकन शुक्रवार को दाखिल किया।
प्रवीण खंडेलवाल के समर्थन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वर्तमान सांसद डॉ. हर्षवर्धन मौजूद रहे। वहीं, दक्षिण दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी रामबीर सिंह बिधूड़ी के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कई अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
खंडेलवाल ने अपने प्रस्तावकों के साथ अलीपुर चुनाव कार्यालय जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले खंडेलवाल ने चांदनी चौक के प्रसिद्ध प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में दर्शन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो किया।
इस दौरान खंडेलवाल ने कहा कि मैंने दो दिन पूर्व चांदनी चौक के नागरिकों और व्यापारियों के प्रति अपना ‘संकल्प पत्र 2024’ जारी किया है। मैं इसमें किए सभी संकल्प 2027 तक पूर्ण करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने जा रहे हैं। चांदनी चौक की जनता के साथ हम उनकी आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। मैं कल भी कार्यकर्ता था, आज भी हूं और कल भी रहूंगा। मोदी सरकार ने पिछले दस सालों में जो विकास की लकीर खींची है, उसका कोई तुलना नहीं है और उसी के भरोसे हम तीसरी बार सरकार बनाएंगे।
वहीं, चांदनी चौक से वर्तमान सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है। हमारे कार्यकर्ता परिवार, व्यक्ति के लिए नहीं संगठन के लिए काम करते हैं। हर प्रत्याशी संगठन का प्रतीक होता है। हम सब भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल को जिताने का काम करें।



