Azamgarh News: रुक्मिणी-कृष्ण विवाह की झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

*रुक्मिणी-कृष्ण विवाह की झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन* पवई नरसिंह (आजमगढ़)
शीतला माता मंदिर प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रुक्मिणी-कृष्ण विवाह प्रसंग सुन श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। श्रीधाम वृन्दावन से पधारे कथा वाचक राजेश्वर महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के दिव्य मिलन की कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार रुक्मिणी ने श्रीकृष्ण को मन ही मन अपना पति स्वीकार किया और उन्हें पत्र लिखकर विवाह के लिए आमंत्रित किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
कथा के उपरांत भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह का सुंदर मंचन किया गया। झांकी में सजे कलाकारों ने आकर्षक वेशभूषा धारण कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। झांकी के साथ भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ झांकी का आनंद लिया। आयोजन समिति ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए थे।
अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रमोद यादव, अर्जुन अग्रहरि, राजेश श्रीवास्तव, वेद प्रकाश तिवारी, विनय कुमार, अंकित, वीरेंद्र, हरिनाथ, दीपक, संदीप, सुंदर सहित सैकड़ो की संख्या में महिला पुरुष मौजूद रहे।



