Azamgarh News: आजमगढ़ में एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ, किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से मिलेगी सुरक्षा

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ में एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ, किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से मिलेगी सुरक्षा
आजमगढ़, जनपद में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की प्रथम दो लाभार्थी बालिकाएं सुदीक्क्षा राय एवं अंशिका प्रकाश उपाध्याय रहीं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन का पहला टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद दोनों बालिकाओं ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस वैक्सीन को अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (बच्चेदानी के मुख) के कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। यह टीकाकरण विशेष रूप से 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा सोमवार से शनिवार, प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करें। साथ ही आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे अभियान सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है और अस्पताल में इसकी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। वहीं, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारी की गई है, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि आगामी माह में इस टीकाकरण कार्यक्रम का विस्तार करते हुए इसे जनपद के अन्य सरकारी चिकित्सालयों में भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी, यूएनडीपी की जिला प्रतिनिधि पूनम शुक्ला, यूआईपी विंग से मुकेश, सतीश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इसे सफल बनाएं और अपनी बेटियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।



