Azamgarh news :जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त से किया भेंट, प्रस्तुत किया विस्तृत विवरण
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त से किया भेंट, प्रस्तुत किया विस्तृत विवरण

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने मंडलायुक्त/मंडल जनगणना अधिकारी विवेक से भेंट कर जनगणना-2027 की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर जनपद आज़मगढ़ के लिए नामित जनगणना प्रभारी आकाश राय भी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने जनपद में जनगणना कार्य के सुचारु संचालन के लिए की जा रही तैयारियों से मंडलायुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही जनगणना कार्य में लगने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण, डिजिटल प्रणाली के उपयोग तथा जनसहभागिता बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।जनपद जनगणना प्रभारी आकाश राय द्वारा भी जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, डेटा संकलन की प्रक्रिया, क्षेत्रवार टीमों के गठन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में मंडलायुक्त को विस्तार से जानकारी दी गई।
मंडलायुक्त/मंडल जनगणना अधिकारी विवेक ने प्रस्तुत विवरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करें, जिससे जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।मंडलायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए, ताकि कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों को आवश्यक जानकारी और दक्षता प्राप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना-2027 के सभी चरणों की तैयारी समय से पूरी कर ली जाए तथा जनपद स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य निर्धारित समयसीमा में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।



