Azamgarh News: शादी समारोह में बवाल:बरातियों के उत्पात के बाद जमकर पथराव

शादी समारोह में बवाल:बरातियों के उत्पात के बाद जमकर पथराव

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत खानपुर चितरावल में मंगलवार रात एक शादी समारोह विवाद में बदल गया। नशे में धुत कुछ बरातियों द्वारा उत्पात मचाने के बाद घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके चलते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।हंगामे के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय जगमोहन बिंद की पुत्री प्रीति की शादी बक्सपुर निवासी हरिश्चंद्र बिंद के पुत्र पवन बिंद के साथ तय थी। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद पूरे गांव के सहयोग से शादी की तैयारी की गई थी। बरात को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ठहराया गया था, जहां द्वाराचार की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान कुछ बराती प्रतिमा स्थल के पास बैठकर शराब पीने लगे। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया। अगले दिन सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

 

पुलिस के अनुसार, क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button