Azamgarh News;09 से 17 अगस्त तक सम्पादित हो रहे हर घर तिरंगा अभियान के और प्रभावी क्रियान्वयन हेतु डीएम ने बैठक कर दिये महत्वपूर्ण निर्देश*

*09 से 17 अगस्त तक सम्पादित हो रहे हर घर तिरंगा अभियान के और प्रभावी क्रियान्वयन हेतु डीएम ने बैठक कर दिये महत्वपूर्ण निर्देश*

 

*आजमगढ़ वासियों द्वारा अपने घरों पर तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक सम्बन्ध पर बल- जिलाधिकारी*

 

*तिरंगा फहराने के साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का भी किया जायेगा गायन*

 

*14 अगस्त को मनाई जायेगी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, प्रदर्शनी लगाकर विस्थापित परिजनों को किया जायेगा सम्मानित*

 

*तिरंगा घर लाएं और सम्मान से फहराएं- जिलाधिकारी*

 

*जनपद के समस्त सचिव, ग्राम प्रधान, जनपदवासी तिरंगा सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर करें अपलोड*

 

आजमगढ़, 10 अगस्त 2026/

 

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य रूप से मनाये जाने एवं हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन के दृष्टिगत जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।

 

डीएम ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पिछले कुछ वर्षाें में यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव के जन भागीदारी आन्दोलन के रूप में सफल बन चुका है।

 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 09 से 17 अगस्त तक जनपद के सभी घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराकर सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र सेवा एवं सम्मान में अपने प्राणों की आहूति देने वाले महापुरूषों के प्रति आदर का भाव प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् की 150वीं जयंती हर घर तिरंगा अभियान 2026 के साथ उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान भौतिक एवं डिजिटल दोनो रूप में आयोजित किया जा रहा है। जहां भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए वन्दे मातरम का गायन किया जायेगा, वहीं डिजिटल रूप में तिरंगा के साथ सेल्फी व वन्दे मातरम गायन को वेबसाइट हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड किया जा रहा है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में 145 स्वयं सहायता समूहों की 510 समूह सखियों द्वारा 02 लाख झण्डा का निर्माण किया गया है, जिसे प्रत्येक विकास खण्ड में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय व ग्राम पंचायत/विकास अधिकारी द्वारा जनमानस को निःशुल्क झण्डा वितरित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के 16 नगरीय निकायों के लिए डूडा की एनयूएलएम सखियों द्वारा 1.5 लाख झण्डे का निर्माण कर सभी निकायों के सभी वार्डों में झण्डा वितरण किया जा रहा है। इस प्रकार जनपद में प्रशासन द्वारा 3.5 लाख झण्डे का वितरण किया जा रहा है। मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी की हर घर तिरंगा लगाने की अपील पर जनपदवासी स्वेच्छा से दुकानों से भी झण्डे खरीदकर अपने घर, प्रतिष्ठान पर लगा रहे हैं।

 

जनपद में बड़े पैमाने पर विभिन्न समूहों, संस्थानों, स्कूल/कालेजों द्वारा तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमंे प्रतिभागी तिरंगा लेकर चलेंगे तथा रैली के आरम्भ में वन्दे मातरम का सामूहिक गायन किया जायेगा।

 

14 अगस्त को हरिऔध कला केन्द्र मंे विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 2026 के अन्तर्गत प्रदर्शनी लगायी जायेगी, जिसमें विभाजन के समय विस्थापित भारत आए परिवारों को विभीषिका से जुड़े सामग्री को प्रदर्शित किया जायेगा। विभाजन की त्रासदी से पीड़ितों हेतु 02 मिनट का मौन रखा जायेगा। विस्थापित परिजनों को आमंत्रित कर उनके अनुभव से जनमानस को विभीषिका से अवगत कराया जायेगा। विभाजन विभीषिका से संबंधित इतिहास संस्कृति और मानव त्रासदी आधारित संगोष्ठी के माध्यम से जनमानस को उस विषम परिस्थितियों व हालात से परिचित कराया जायेगा।

 

15 अगस्त को हरिऔध कला केन्द्र में तिरंगा कान्सर्ट का आयोजन किया गया है, जिनमें युद्धों में शहीद हुए सेनानियों व स्वतंत्रता संग्राम शहीदों के परिजनों को नामित मा0 जन प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा। कान्सर्ट के अन्तर्गत तिरंगा गान, देशभक्ति के गीतों तथा वन्दे मातरम का सामूहिक गायन तथा अन्य राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्कूल बैण्ड/पुलिस बैण्ड आदि द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के वादन को सम्मिलित किया जायेगा।

 

हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण, रंगोली, तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, तिरंगा सेल्फी आदि के माध्यम से स्वतंत्रता के मूल्यों से जनमानस को अवगत कराया जायेगा।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि हर घर तिरंगा के साथ ही वंदे मातरम की 150वीं जयंती के क्रम मंे राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का भावपूर्ण गायन किया जायेगा। शासन के निर्देश के क्रम मंे 14 व 15 अगस्त को जनपद के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण किया जायेगा।

 

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिष्ठानों, संस्थाओं, जनपदवासियों से अपील किया कि तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर एवं तिरंगा प्रदर्शनी कार्यक्रम को हर घर तिरंगा डॉट कॉम पोर्टल पर अपलोड करें। जनपद के सभी स्कूल, कालेजों व अन्य संस्थानों, विभागों व अन्य स्थलों पर हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को कल्चरल इवेन्ट डॉट इन पर फोटो वीडियो अपलोड करें। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी से जुड़े कार्यक्रम को अमृतकाल डॉट एनआईसी डॉट इन पर अपलोड करें।

 

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी कोटे की दुकानों पर आकर्षक तिरंगा सेल्फी प्वाइंट के रूप मंे विकसित कर राशन लेने आये जनमानस को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अपलोड करने हेतु प्रोत्साहित करें और अपलोड भी करायें। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बीएसए को निर्देशित किया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद सभी शिक्षकगण सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करेंगे।

 

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने जनपद के सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने स्तर पर प्रत्येक ग्राम पंचायतों में शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों को सम्पादित कराना सुनिश्चित करें।

 

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित अपने निकायों में हर घर तिरंगा अभियान एवं वंदे मातरम गायन को उत्साह के साथ मनाते हुए स्वधीनता संग्राम से जुड़े आदर्श, मूल्यों, देशभक्ति से जनमानस को जागरूक करें।

 

राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस की इस महत्वपूर्ण बैठक में विद्युत विभाग की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी कार्यालयाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button