Azamgarh News:ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया सरकारी चावल लदा पिकअप

ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया सरकारी चावल लदा पिकअप

हंडिया गांव में बाजार में बेचने की तैयारी का आरोप, 26 बोरियों में मिला 16.94 कुंतल चावल

पवई/आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हंडिया गांव में सरकारी राशन के चावल को कथित रूप से बाजार में बेचने के लिए पिकअप से भेजे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से राशन लदा पिकअप पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस वाहन और खाद्यान्न को थाने ले आई। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम फूलपुर से की।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम फूलपुर ने पूर्ति निरीक्षक अहिरौला एके मिश्रा और पूर्ति निरीक्षक पवई रणधीर कुमार को मौके पर भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दोनों पूर्ति निरीक्षक पवई थाने पहुंचे और बरामद खाद्यान्न की तौल कराई। तौल के दौरान 26 बोरियों में कुल 16 कुंतल 94 किलो चावल पाया गया, जिसमें बोरियों का वजन भी शामिल बताया गया है।

जांच के बाद बरामद चावल को बगल के भिटौरा गांव के कोटेदार की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पूर्ति निरीक्षक रणधीर कुमार और वाहन चालक की ओर से भी चावल को भिटौरा गांव के कोटेदार को सौंपे जाने की बात कही गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी खाद्यान्न को बाजार में बिक्री के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, मामले में खाद्यान्न कहां से आया और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जांच में तथ्यों और संबंधित स्टाफ की भूमिका सामने आने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button