Azamgarh News:अंतर्जनपदीय चोर गिरोह पर आजमगढ़ पुलिस का शिकंजा, चार बदमाश मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
अंतर्जनपदीय चोर गिरोह पर आजमगढ़ पुलिस का शिकंजा, चार बदमाश मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने गुरुवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, बिना नंबर की XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला पुलिस ने सुबह करीब 3:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग के दौरान तहबरपुर की ओर जा रही सफेद XUV-500 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार वाहन सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बरेली निवासी दिलकस (21) और साहिल (22) के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान करीब छह बदमाश मौके से फरार हो गए।
इसके कुछ देर बाद करीब 4:29 बजे तहबरपुर पुलिस ने चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर दुर्वासा ऋषि आश्रम की तरफ से आ रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वाजिद (23) के दाहिने पैर और फैजान (27) के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने हाईवे के आसपास वाहन खड़ा कर नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते घुसकर ताले तोड़ने और जेवरात व नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी के बाद गिरोह के सदस्य निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां SUV चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था। आरोपितों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाएं करने की बात बताई है।
पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो तथा अंबेडकरनगर के जैतपुर क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा किया है। अहरौला पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, XUV-500, पेचकस, कटर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पांच मोबाइल, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है। तहबरपुर पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस तथा घटनाओं से संबंधित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने फरार आरोपितों दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं। दोनों थानों में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में अहरौला थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह, तहबरपुर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में दोनों थानों की पुलिस टीमों के साथ विशेष चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस टीम शामिल रही।



